

मुंशीराम पेट्रोल पंप एक बार फिर से सुर्खियों में है


रायगढ़ /आपको बता दें कि जूट मिल के पास रिलैक्स होटल के बगल में स्थित मुंशीराम रायगढ़ सिटी फ्यूल्स के खिलाफ कम मात्रा में पेट्रोल देने की शिकायत जिम्मेदार अधिकारियों से की गई थी । इस पर कार्रवाई करते हुए जिला खाद्य विभाग और नाप तौल विभाग के अधिकारी जांच के लिए मुंशीराम पेट्रोल पंप पहुंचे । जांच में नाप तौल अधिकारी सुमेर सिंह सोलंकी ने पेट्रोल पंप के मशीन की जांच की । उनकी जांच के अनुसार मशीन सही है और नाप के हिसाब से पेट्रोल मिल रहा है।
वहीं फूड इंस्पेक्टर अंजनी कुमार राव ने भी अपने तरीके से जांच की । श्री राव ने मुंशीराम पेट्रोल पंप के स्टॉक में भारी अनियमितता पाई । उसमें सामान्य पेट्रोल में 48 लीटर,डीजल में 24 लीटर और पावर पेट्रोल में 63 लीटर की कमी पाई गई। फूड इंस्पेक्टर के अनुसार अभी जांच जारी है । जांच संपन्न होने पर रिपोर्ट कलेक्टर और न्यायालय को सौंप दी जाएगी । जांच में दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगा।
वहीं पीड़ित उपभोक्ता हेमंत जायसवाल ने शपथपूर्वक कहा है कि 2 जुलाई 2023 को शाम 7 बजे के करीब उसने 290 रुपए का पेट्रोल डलवाया था । उससे पूरे पैसे ले लिए गए पर पेट्रोल बहुत कम दिया गया।उसने वापस पेट्रोल पंप कर्मियों से शिकायत की , लेकिन उसकी शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। लिहाजा , उसने इसके शिकायत जिम्मेदार अधिकारियों से की ।
आपको बता दें कि मुंशीराम पेट्रोल पंप के खिलाफ कम मात्रा में पेट्रोल देने की पूर्व में और भी शिकायतें रही हैं। जांच कर्ता के अनुसार पंप की मशीन ठीक है । स्टॉक में जरूर गड़बड़ी है । पर उपभोक्ताओं को आखिर पेट्रोल कम या नहीं के बराबर दिया गया , इसकी जांच पड़ताल कैसे होगी ? ऐसे में सवाल उठता है कि उपभोक्ताओं के हित की रक्षा आखिर कैसे होगी ?


