भ्रष्ट इंस्पेक्टर की भूमिका में नज़र आएंगे रायगढ़ के लोकप्रिय कलाकार तरुण बघेल**
रायगढ़
छत्तीसगढ़ी सिनेमा अब केवल मनोरंजन का साधन नहीं रह गया है, बल्कि यह स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान देने और सामाजिक सरोकारों को मजबूती से प्रस्तुत करने का प्रभावी मंच बन चुका है। इसी कड़ी में रेणुका इंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘कब होही मिलन’ 30 जनवरी से प्रदेशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने जा रही है।
इस फिल्म का खास आकर्षण रायगढ़ शहर के जाने-माने रंगकर्मी और लोकप्रिय हास्य अभिनेता तरुण बघेल हैं। रंगमंच और नुक्कड़ नाटकों से अपनी कलात्मक यात्रा शुरू करने वाले तरुण बघेल अब तक दो दर्जन से अधिक छत्तीसगढ़ी फिल्मों में अपनी अभिनय प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। फिल्म ‘कब होही मिलन’ में वे एक भ्रष्ट पुलिस इंस्पेक्टर की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जो दर्शकों को गुदगुदाने के साथ-साथ व्यवस्था पर करारा व्यंग्य भी करेगा।
फिल्म के निर्माता श्रद्धा वडनेरकर एवं अनिरुद्ध वडनेरकर हैं, जबकि निर्देशन की कमान धर्मेंद्र चौबे ने संभाली है। दमदार निर्देशन और सशक्त कहानी के साथ सजी इस फिल्म में रियाज, शालिनी, कीर्ति और अंजली की रोमांटिक केमिस्ट्री दर्शकों को खूब लुभाएगी। साथ ही सुनील सोनी, अनुपमा मिश्रा, अनुराग शर्मा और कंचन जोशी जैसे कलाकारों की मौजूदगी फिल्म को और मजबूत बनाती है।
फिल्म के गीत पहले ही सोशल मीडिया और यूट्यूब पर धूम मचा रहे हैं, जिन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। फिल्म टीम का कहना है कि
“यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ी संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक सच्चाइयों का आईना है। हमने एक ऐसा सिनेमा प्रस्तुत करने का प्रयास किया है, जिसे पूरा परिवार साथ बैठकर देख सके।”
फिल्म के ट्रेलर और गानों को मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया के चलते दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म समीक्षकों का मानना है कि धर्मेंद्र चौबे के निर्देशन में बनी ‘कब होही मिलन’ तकनीकी और कलात्मक दोनों ही दृष्टि से छत्तीसगढ़ी सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखती है


