पिथौरा शासकीय उच्च प्राथमिक शाला, कसहीबाहरा में मातृ-पितृ दिवस के अवसर पर विशेष न्योता भोज एवं विविध खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ सहभागिता निभाई।
संस्था प्रमुख हेमंत खुटे ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि “माता-पिता हमारे प्रथम गुरु होते हैं। जीवन की हर सफलता में उनके आशीर्वाद, संस्कार और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। हमें सदैव उनके आदेशों का पालन करते हुए अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।” उन्होंने विद्यार्थियों को माता-पिता के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और सेवा भाव रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर आयोजित डार्ट गेम, गेंद डुबाओ, स्टंप थ्रो एवं सुलेख प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेता प्रतिभागियों को आकर्षक गिफ्ट पैक प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे—
डार्ट गेम – प्रथम: हरीश ध्रुव, द्वितीय: भोमेश पटेल
गेंद डुबाओ प्रतियोगिता – प्रथम: करन ठाकुर, द्वितीय: मधु यादव
स्टंप थ्रो स्पर्धा – प्रथम: शुभम विश्वकर्मा, द्वितीय: लिलेश्वरी पटेल
सुलेख प्रतियोगिता – प्रथम: कुलदीप पटेल, द्वितीय: हिमेश्वरी यादव
कार्यक्रम का समापन सामूहिक न्योता भोज के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वादिष्ट व्यंजन—पूड़ी-छोले, फल, मिठाई एवं फ्रूटी के पाउच—प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक हितेश पटेल, शिक्षक संतोष साहू तथा उच्च प्राथमिक शाला के दिलीप कुमार पटेल एवं तबस्सुम शेख का विशेष योगदान रहा।


