
रायगढ़ । आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष , लोकप्रिय और युवा नेता पिंटू सिंह ने भाजपा और कांग्रेस दोनों की राजनीति को निशाने पर लिया है और उनपर तीखे वार किए हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों भ्रष्टाचार ,दारू घोटाले ,गोबर घोटाले, कोयला घोटाले में लिप्त रहे हैं और एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप करते करते रहते हैं । कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार पर तंज कसते हुए पिंटू सिंह ने बताया कि राज्य में पिछले साढ़े चार सालों में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार कांग्रेस के सीएम भूपेश बघेल के नेतृत्व हुआ है । पर इस मुद्दे पर भाजपा की चुप्पी पर उसकी खिंचाई करते हुए पिंटू सिंह ने भाजपा के प्रदर्शन की तुलना कुंभकर्ण के खर्राटों से की है । कुंभकर्णी खर्राटों की तरह भाजपा ने अबतक कांग्रेस के खिलाफ केवल छिटपुट प्रदर्शन ही किए हैं ताकि जनता ये ना समझे कि भाजपा राजनीतिक रूप से बियाबान में पहुंच गई है। भाजपा ने इतने सालों में विपक्ष की जिम्मेदारी ढंग से नहीं निभाई । किसान , मजदूर और आम जनता परेशान होते रहे , जिनकी कोई खोज खबर भाजपा ने नहीं ली । अब चुनावी साल में भाजपाई कुंभकर्ण खर्राटे लेना छोड़कर नींद से जागने का स्वांग रच रहे हैं । अभी तक सड़क छाप राजनीति करती रही भाजपा जन आकांक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी है । कांग्रेस शासन पर निशाना साधते हुए पिंटू सिंह ने कहा कि कमोबेश यही हाल कांग्रेस का भी है । बड़ी मुश्किल से 15 साल के राजनीतिक वनवास के बाद किसानों के रहमो करम से उनके कंधों पर सवार होकर लौटी कांग्रेस पिछले साढ़े चार सालों से अपनी भूख प्यास मिटाने में ही मशगूल है । कांग्रेस की बदौलत छत्तीसगढ़ में हर जगह भारी भ्रष्टाचार का बोलबाला कायम हो गया है । पिंटू सिंह ने कांग्रेस की किसान राजनीति की बखिया उधेड़ते हुए कहा कि किसानों को धान का समर्थन मूल्य जरूर अधिक मिला पर भूपेश सरकार ने खाद , कंपोस्ट , रकबा कटौती आदि में इसकी भरपाई और कमाई करने की कोशिश की जिससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है । भूपेश सरकार में शासन प्रशासन दोनों कुंभकर्ण को तरह खाने पीने में लगे हुए हैं।
पिंटू सिंह ने आगे कहा कि भाजपा और कांग्रेस राममंदिर और और रामगमन पथ के माध्यम से जनता को रामराज्य का दिवास्वप्न दिखाते रहे हैं । प्रदेश में कांग्रेस की सरकार में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सुपुत्र चेतन बघेल का नाम कोयला घोटाले में प्रति टन 25 रुपए का गब्बर टैक्स वसूलने में आया है । वहीं दो हजार करोड़ का शराब घोटाला , गौठान में करोड़ों का घोटाला तो अमृत मिशन जल योजना में 520 करोड़ का घोटाला , पी डी एस के चावल घोटाला और ना जाने कितने घोटाले ! घोटाले ही घोटाले अंतहीन घोटाले ! गिनवाना भी मुश्किल है । छत्तीसगढ़ में 4 साल 8 महीनों में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान गढ़ दिए हैं । अब इन सब पर पर्दा डालने के लिए , जनता को गुमराह करने के लिए और धर्म की अफीम चटाने के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर रामायण कथा का आयोजन करवाया जा रहा है । जनता ने जिस विश्वास के साथ कांग्रेस को सत्ता सौंपी थी , उस विश्वास के साथ कांग्रेस ने छल किया । पिंटू सिंह कहते हैं , ये जो पब्लिक है सब जानती है और इसका हिसाब आगामी विधानसभा चुनाव में लेगी ।


