


रायगढ़, 18 जनवरी 2024/ कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल की अध्यक्षता में गत दिवस कलेक्टोरेट सभा कक्ष में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें समिति के संयोजक उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, अपर कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप संचालक पशु चिकित्सा, उप संचालक कृषि, खाद्य अधिकारी, कार्यापालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी अपेक्स बैंक, उप संचालक मत्स्य एवं उप संचालक पशुपालन के अधिकारी उपस्थित रहें।
बैठक में अवगत कराया गया कि भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय द्वारा ‘सहकार से समृद्धि’ योजना प्रारंभ की गई है, जिसके प्रथम चरण में जिले से 288 कार्यशील समितियों जिसमें कृषि साख समिति, दुग्ध समिति, मत्स्य समिति, बुनकर समिति, गृह निर्माण समिति एवं बहुउद्देशीय सहकारी समितियों की आधारभूत जानकारी नेशनल डाटाबेस में आनलाईन दर्ज की गई है। 69 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों को बहुउद्देशीय साख सहकारी समिति के रूप में विकसित करते हुए अन्य प्रकार के कार्यों को करने हेतु सभी समितियों के मॉडल बायलाज में संशोधन कर अनुमोदन पश्चात् समिति द्वारा अंगीकृत कर लिया गया है। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले के सभी ग्राम पंचायतों/ग्रामों को कृषि साख सहकारी समितियों के कार्यक्षेत्र में शामिल कर लिया गया है। जिले में दुग्ध एवं मत्स्य सहकारी समितियों के माध्यम से सदस्यों के आर्थिक विकास करने हेतु जिले में अधिक से अधिक समितियों के पंजीयन हेतु प्रचार-प्रसार करते हुए कार्यवाही करने के लिए सहकारिता विस्तार अधिकारियों को कलेक्टर श्री गोयल द्वारा निर्देशित किया गया है।
जिले में कार्यशील 69 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों को लोक सेवा केन्द्र के रूप में कार्य करने हेतु प्रारंभिक प्रशिक्षण जिला स्तर पर दिया जा चुका है एवं सभी समितियों को उपरोक्त कार्य आगामी 30 तक प्रारंभ करने हेतु कलेक्टर श्री गोयल द्वारा निर्देशित किया गया है। इसी प्रकार समितियों को प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केन्द्र के रूप में विकसित करते हुए योजना की जानकारी समिति स्तर पर सदस्यों को प्रधान करने के निर्देश दिये गये हैं। प्रस्तावित कार्य योजना अनुसार जिले में जन औषधी केन्द्र हेतु समिति चपले, बरगढ़, तारापुर, तमनार एवं कापू का चयन किया गया है, इसके लिए कलेक्टर श्री गोयल द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी से समन्वय करते हुए जन औषधी केन्द्रों की स्थापना कर कार्य प्रारंभ करने हेतु निर्देश जारी किये गये हैं।


