

पिथौरा शासकीय मिडिल स्कूल कसहीबाहरा में बसंत पंचमी व मातृ – पितृ दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस खास अवसर पर माता – पिता का जीवन में महत्व विषय पर संगोष्ठी तथा विविध खेलकूद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की तैलचित्र पर दीप प्रज्जवलित तथा पूजन अर्चन के साथ किया गया।
सर्वप्रथम संस्था प्रमुख हेमन्त खुटे ने माता – पिता की महत्ता पर प्रकाश डाला। हेमन्त ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्राचीन काल से ही माता – पिता को एक सर्वोच्च स्थान प्रदान किया गया है।माता -पिता ही हमारे जीवन के पहले गुरु होते है।इसलिए इनकी महत्ता गुरु से भी बढ़कर है। अतः माता – पिता को सम्मान देकर हम अपने जीवन में वो सब कुछ हासिल कर सकते है जो हम जीवन में चाहते हैं।
संस्था की शिक्षिका तबस्सुम ने मातृ – पितृ दिवस के उद्देश्य को रेखांकित करते हुए कहा कि माता – पिता के बलिदानों और कार्यों का सम्मान देने के लिए मातृ – पितृ पूजन दिवस मनाया जाता है।माता- पिता का सम्मान कर ही हम अपने भविष्य को उज्जवल बना सकते है। अंग्रेजी शिक्षक दिलीप कुमार पटेल ने अपने उदगार में कहा कि जो माता – पिता और गुरुजनों का आदर – सम्मान करता है और उनकी सेवा करता है उसकी आयु,विद्या,यश और बल चारों बढ़ते हैं।बच्चो ने भी अपने – अपने विचार प्रकट करते हुए माता – पिता की महिमा का बखान किया। इस अवसर पर विविध खेलों का भी आयोजन किया गया। सभी विजयी प्रतिभागियों को संस्था प्रमुख हेमन्त खुटे ने मेडल पहना कर सम्मानित किया।


