
मिडिल स्कूल पोटापारा में हुआ सम्मान समारोह का आयोजन
पिथौरा शासकीय मिडिल स्कूल पोटापारा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मान समारोह की मुख्य अतिथि विमलेश मणि पटेल (सरपंच) थी तथा गड़बेड़ा संकुल के संकुल प्राचार्य नंदकुमार चौधरी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में संकुल समन्वयक लोकनाथ सिन्हा ,राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित व्याख्याता रमेश प्रजापति , प्रधान पाठक हेमंत खुटे मंचासीन थे।
मुख्य अतिथि सरपंच श्रीमती विमलेश मणि पटेल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से आपसी सहयोग व सौहाद्र की भावना पनपती है। किसी भी खिलाड़ी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मानित करना पुरस्कार से भी ज्यादा महत्व रखता है । साथ ही खिलाड़ियों को आगे और भी प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने मिनीगोल्फ में राष्ट्रीय चैंपियन बनने पर कसहीबाहरा की शिक्षिका तबस्सुम को बधाई दी।
नोडल प्राचार्य नंदकुमार चौधरी ने मिनिगोल्फ की राष्ट्रीय चयन स्पर्धा में तबस्सुम के स्वर्ण पदक लाने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ये हमारे संकुल,जिला व प्रदेश के लिए गौरव की बात है। किसी खिलाड़ी द्वारा प्राप्त पदक उनकी कड़ी मेहनत व खेल के प्रति जुनून को दर्शाता है । उन्होंने भविष्य में ऐसी ही सफलता की और कामना करते हुए तबस्सुम को बधाई दी।
अतिथियों ने संकुल स्तरीय खेलकूद में निर्णायक की अहम भूमिका निभाने के लिए होरीलाल रजक को तथा मिनीगोल्फ की राष्ट्रीय स्पर्धा में तबस्सुम के स्वर्ण पदक जीतने के लिए मोमेंटो देकर सम्मानित किया ।
कार्यक्रम का संचालन समन्वयक लोकनाथ सिन्हा ने तथा आभार प्रदर्शन पोटापारा स्कूल की संस्था प्रमुख सरस्वती पटेल द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महेश पटेल, मेदनी पटेल,देव नारायण ध्रुव,उमाशंकर पटेल, हितेश पटेल (प्रधान पाठक),नरेंद्र दीवान,बेदराम सिन्हा,लक्ष्मी पटेल,तेजुराम यादव ,संतोष साहू,धरम मति नायक,पूनम प्रजापति,दीपा पटेल,नूतन साहू ,गिरजा साहू,सरोज पटेल,विद्या ध्रुव सहित काफी संख्या में शिक्षक व शिक्षिकाएं उपस्थित थी।


